स्वतंत्रता दिवसः एसएसबी की प्रथम वाहिनी के स्वान दस्ते ने तलाशी अभियान में निभाई भूमिका
गुवाहाटी, 13 अगस्त (हि.स.)। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में स्वान दस्ते द्वारा गुवाहाटी के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन तलाशी एवं सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया।
स्वान दस्ते द्वारा प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की सहायता से रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, खानापारा बस स्टॉप, प्रमुख बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक क्षेत्रों तथा महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच की गई।
इस दौरान एचसी (डॉग हैंडलर) नेताजी एम के नेतृत्व में सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतते हुए संभावित सुरक्षा खतरों की पहचान एवं रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आम नागरिकों की सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए एसएसबी प्रथम वाहिनी द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

