home page

एसएसबी की प्रथम वाहिनी ने चलाया स्वच्छता जागरूकता अभियान

 | 
एसएसबी की प्रथम वाहिनी ने चलाया स्वच्छता जागरूकता अभियान


गुवाहाटी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी की ओर से शनिवार को वाहिनी मुख्यालय और सभी समवायों में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत कार्मिकों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता, कचरे के उचित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

प्रथम वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से ई-कचरे और प्लास्टिक कचरे से होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। लोगों को कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर सभी कार्मिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई।

उल्लेखनीय है कि एसएसबी की प्रथम वाहिनी की ओर से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय