home page

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रथम वाहिनी एसएसबी ने किया लघु मैराथन एवं देशभक्ति दौड़ का आयोजन

 | 
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रथम वाहिनी एसएसबी ने किया लघु मैराथन एवं देशभक्ति दौड़ का आयोजन


गुवाहाटी, 05 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के क्रम में प्रथम वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में ई समवाय, लोखरा द्वारा बुधवार काे लघु मैराथन एवं देशभक्ति दौड़ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ इंस्पेक्टर (जीडी) मिलन बिस्वास, समवाय प्रभारी, ई समवाय, लोखरा द्वारा प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों एवं स्थानीय नागरिकों में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव को बढ़ावा देना, शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं सक्रिय जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर ई समवाय के अधिकारियों एवं जवानों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं तथा अन्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ दौड़ में भाग लिया तथा राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता, उत्साह एवं समर्पण का परिचय दिया।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रहित, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, स्वस्थ जीवनशैली तथा देश सेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने की शपथ दिलाकर किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय