प्रथम वाहिनी एसएसबी का मोरीगांव में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गुवाहाटी, 22 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की मोरीगांव स्थित डी समवाय द्वारा रविवार काे मोरीगांव स्थित तरुण राम फुकन फील्ड (वॉक जोन) में “एक स्वस्थ मोरीगांव की ओर एक कदम” के तहत नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रथम वाहिनी एसएसबी के उप कमांडेंट/कार्यवाहक कमांडेंट वीरेन्द्र सिंह मेहरा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान इंस्पेक्टर/जीडी मिलन बिस्वास ने उपस्थित जनसमूह को नशे के दुष्परिणामों, इससे होने वाली शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं तथा नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर मोरीगांव के विभिन्न गांवों से आए नागरिकों एवं सुरक्षा बल के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कुल 40 नागरिकों तथा 30 सशस्त्र सीमा बल के कार्मिकों सहित लगभग 70 प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।
प्रथम वाहिनी एसएसबी द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए निरंतर प्रेरित किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

