असम में परिवहन वाहनों के लिए स्पीड लिमिटर अनिवार्य, नियम तोड़ने पर फिटनेस प्रमाणपत्र रद्द होगा
गुवाहाटी, 19 नवंबर (हि.स.)। असम में सड़क दुर्घटनाओं और तेज रफ्तार से होने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार ने परिवहन वाहनों में स्पीड लिमिटर लगाना अनिवार्य कर दिया है। परिवहन विभाग ने इस संबंध में नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है।
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के नियम 118 के दायरे में आने वाले सभी नए और पुराने परिवहन वाहनों में स्वीकृत एवं कार्यशील स्पीड लिमिटर लगाना अनिवार्य होगा।
स्पीड लिमिटर नहीं लगाने वाले वाहनों को फिटनेस प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जाएगा और न ही उनके फिटनेस प्रमाणपत्र का नवीनीकरण होगा। ऐसे वाहनों के परमिट भी नियमों का पालन होने तक रोके जा सकते हैं।
हालांकि, दोपहिया, तिपहिया, क्वाड्रिसाइकिल, दमकल वाहन, एम्बुलेंस और पुलिस वाहनों को इस अनिवार्यता से छूट दी गई है।
पुराने वाहनों में अधिकृत डीलरों और केंद्रों के माध्यम से स्पीड लिमिटर लगवाना होगा। उपकरण की सीलिंग, पहचान संबंधी स्टीकर और वाहन की भू-स्थानांकित तस्वीर वाहन पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
फिटनेस जांच के दौरान स्पीड लिमिटर की भौतिक जांच भी की जाएगी। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस राष्ट्रीय राजमार्गों सहित विभिन्न मार्गों पर नियमित जांच अभियान चलाएंगे।
नियमों का उल्लंघन करने या स्पीड लिमिटर से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों के खिलाफ फिटनेस प्रमाणपत्र और परमिट निलंबित करने सहित मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
यह एसओपी तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। जिला परिवहन अधिकारियों को इसके अनुपालन की निगरानी करने और प्रत्येक पखवाड़े रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि काजीरंगा में हाल ही में हुए भीषण सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत और 15 लोगों के घायल होने के बाद राज्य में सड़क सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाए जा रहे हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

