home page

जुबीन गर्ग हत्याकांड की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन

 | 
जुबीन गर्ग हत्याकांड की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन


गुवाहाटी, 19 मार्च (हि.स.)। जुबीन गर्ग हत्याकांड की सुनवाई के लिए एक विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया गया है, जिससे मामले का त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया जा सके। यह जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने अपने साेशल मीडिशा प्लेटफार्म एक्स पर दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गुवाहाटी हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस आशुतोष कुमार ने बक्सा की जिला न्यायाधीश शर्मिला भुइयां काे इस मामले में रोजाना सुनवाई करने के लिए फास्ट-ट्रैक सेशन कोर्ट की अध्यक्षता करने के लिए नामित किया है। इस पहल से न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आने और शीघ्र न्याय मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने गुवाहाटी हाई कोर्ट की भी तारीफ की और चीफ जस्टिस आशुतोष कुमार का शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने इस मामले के लिए एक खास फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के राज्य सरकार के अनुरोध को मान लिया।

गौरतलब है कि असम पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी), जिसे क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) ने बनाया था, ने दिसंबर, 2025 में गुवाहाटी की एक कोर्ट में गायक की मौत के मामले में एक विस्तरित चार्जशीट दाखिल की थी।

यह जांच 19 सितंबर, 2025 को सिंगापुर में जुबीन गर्ग की रहस्यमयी मौत के बाद शुरू हुई थी। खबरों के मुताबिक, नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में शामिल होने के लिए सिंगापुर की यात्रा के दौरान समुद्र में घूमने निकले गर्ग की मौत हो गई थी।

गुवाहाटी में चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की कोर्ट में दाखिल की गई इस चार्जशीट में सात लोगों के नाम शामिल हैं। इनमें से चार लोगों पर, जिनमें फ़ेस्टिवल के आयाेजक श्यामकानु महंता, जुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा, बैंड के एक सदस्य शेखरज्योति गोस्वामी और एक सह-गायक अमृतप्रभा महंता शामिल हैं जिनपर हत्या के आरोप लगाए गए हैं।

जुबीन गर्ग के चचेरे भाई और असम पुलिस के निलंबित अधिकारी संदीपान गर्ग पर 'गैर-इरादतन हत्या' का आरोप लगाया गया है। साथ ही गर्ग के निजी सुरक्षा अधिकारी का नाम चार्जशीट में शामिल है।

इस नए घटनाक्रम से जुबीन के परिवार वालों और उनके समर्थकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो इस मामले में फ़ास्ट-ट्रैक कोर्ट की सुनवाई की मांग कर रहे थे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश