दक्षिण सालमारा में यात्री नाव से संदिग्ध नशीली गोलियां और कफ सिरप जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
दक्षिण सालमारा (असम), 11 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण सालमारा-मानकचार जिले की दक्षिण सालमारा पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक यात्री नाव से भारी मात्रा में संदिग्ध नशीली गोलियां और कफ सिरप बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान एक यात्री नाव की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध प्रतिबंधित नशीली गोलियां और कफ सिरप बरामद हुए। मौके से राजीव मियां नामक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने जब्त किए गए सभी संदिग्ध मादक पदार्थों को अपने कब्जे में लेकर कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है ताकि बरामद खेप के स्रोत, इसकी प्रस्तावित मंजिल तथा तस्करी में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है। जांच के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि असम पुलिस राज्यभर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत दक्षिण सालमारा में की गई यह कार्रवाई नशा तस्करी के विरुद्ध पुलिस की मुहिम का हिस्सा है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

