संदिग्ध विस्फोटक के 34 पैकेट और 18 डेटोनेटर के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
शोणितपुर (असम), 18 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस ने शोणितपुर जिले में कलियाभमरा पुल के पास से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। शोणितपुर पुलिस ने आज बताया कि बीती रात गिरफ्तार 25 वर्षीय उक्त व्यक्ति के बैग से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री और डेटोनेटर बरामद किए गए।
आरोपित की पहचान कार्बी आंगलोंग जिले के निवासी डिप्सन सिंगना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पुल के आसपास संदिग्ध तरीके से घूम रहा था, जिसके बाद पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली।
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस को संदिग्ध विस्फोटक सामग्री के 34 पैकेट और 18 डेटोनेटर मिले। शुरुआती पूछताछ में, सिंगना ने पुलिस को बताया कि वह यह सामग्री अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में स्थित 'आनी गोम्पा' से लाया था।
पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद की गई सामग्री किस तरह की है, इसे कहां ले जाया जा रहा था और किन परिस्थितियों में इसका परिवहन किया जा रहा था। इस मामले से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

