home page

प्रथम वाहिनी एसएसबी सोनापुर में “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम आयोजित

 | 
प्रथम वाहिनी एसएसबी सोनापुर में “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम आयोजित


गुवाहाटी, 27 सितंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट केएच इबोचौबा सिंह के मार्गदर्शन में प्रथम वाहिनी परिसर में “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वाहिनी के लगभग 175 बल कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वाहिनी परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई को बढ़ावा देना तथा सभी बल कार्मिकों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा.

इस अवसर पर उपस्थित बल कार्मिकों द्वारा सामूहिक रूप से वाहिनी परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहिनी के कार्यालय कक्षों, मंदिर क्षेत्र, जवान बैरकों, एमटी पार्क तथा परिसर के आसपास के अन्य स्थानों की साफ-सफाई की गई। कार्मिकों ने सक्रिय रूप से श्रमदान करते हुए विभिन्न स्थानों पर जमा कचरे एवं अनावश्यक सामग्री को हटाया तथा परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दिया।

स्वच्छता अभियान के दौरान कार्मिकों को अपने कार्यस्थल, आवासीय परिसर एवं आसपास के वातावरण को नियमित रूप से स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, कचरे का उचित निस्तारण करने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति द्वारा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का प्रयास किए जाने से एक स्वस्थ, स्वच्छ एवं सुंदर परिसर का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यवाहक कमांडेंट केएच इबोचौबा सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 175 कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी ने स्वच्छता के प्रति वाहिनी की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के दौरान सभी कार्मिकों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय