एसएसबी के रक्तदान शिविर में 29 अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया रक्तदान
-जीएमसीएच के सहयोग से गुवाहाटी में आयोजित हुआ शिविर-रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में इसकी भूमिका पर दी गई जानकारी
गुवाहाटी, 16 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी परिसर में सोमवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सीमांत मुख्यालय, एसएसबी, गुवाहाटी और प्रथम वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) ने सहयोग किया।
गुवाहाटी सीमांत के महानिरीक्षक सुधीर वर्मा के मार्गदर्शन और डॉ. रिंकू डे, कमांडेंट (मेडिकल) के पर्यवेक्षण में आयोजित शिविर में सीमांत मुख्यालय और प्रथम वाहिनी के कुल 29 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस दौरान दोनों इकाइयों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. रिंकू डे ने रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में इसके अमूल्य योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी से समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में जीएमसीएच के डॉ. शैलेन्द्र कुमार ठाकुरिया ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने और रक्तदान के प्रति सराहनीय सहभागिता के लिए एसएसबी के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में मानवता, सेवा और परोपकार की भावना को प्रोत्साहित करना था।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

