home page

सोनापुर सड़क हादसा : एनएचएआई ने सात दिनों में हाईवे मरम्मत पूरी करने के दिए निर्देश, इंजीनियर निलंबित

 | 
सोनापुर सड़क हादसा : एनएचएआई ने सात दिनों में हाईवे मरम्मत पूरी करने के दिए निर्देश, इंजीनियर निलंबित


गुवाहाटी, 31 अगस्त (हि.स.)। सोनापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत के बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। एनएचएआई ने हाईवे पर मरम्मत से जुड़े सभी आवश्यक कार्य सात दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

एनएचएआई अधिकारियों ने साेमवार काे बताया कि संबंधित ठेकेदार और इलाके के सुपरवाइजर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। लापरवाही के आरोप में ठेकेदार को कार्य से हटा दिया गया है, जबकि साइड इंजीनियर को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई क्षेत्री थाना क्षेत्र के तेतेलिया के पास हुए दर्दनाक हादसे के बाद की गई है।

नगांव से गुवाहाटी की ओर जा रही ट्रैवलर बस का टायर गड्ढे में पड़ने के बाद फट गया, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गया और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

एनएचएआई ने हाईवे पर चिन्हित खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने तथा सभी मरम्मत कार्य सात दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश