home page

बाढ़ पुनर्वास कार्यों की समीक्षा के लिए मंत्री पीयूष हजारिका ने शिवसागर में की बैठक

 | 
बाढ़ पुनर्वास कार्यों की समीक्षा के लिए मंत्री पीयूष हजारिका ने शिवसागर में की बैठक


शिवसागर (असम), 06 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के निर्देश पर राज्य के कृषि, सिंचाई एवं संसदीय कार्य मंत्री पीयूष हजारिका ने गुरुवार को शिवसागर जिला आयुक्त कार्यालय में बाढ़ के बाद पुनर्वास एवं राहत कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री बिमल बोरा, सुशांत बरगोहाईं, नाजिरा के विधायक मयूर बरगोहाईं तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में बाढ़ प्रभावित परिवारों को दी जा रही पुनर्वास सहायता, शिवसागर नगर में जल निकासी कार्य, बाढ़ से हुए नुकसान के आकलन तथा अन्य पुनर्वास उपायों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला आयुक्त ने बताया कि अब तक जिले के लगभग 43,000 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राज्य सरकार द्वारा घोषित 15,000 रुपये की अंतरिम वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है।

मंत्री पीयूष हजारिका ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र बाढ़ प्रभावित परिवारों को बिना किसी विलंब के सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए और कोई भी योग्य लाभार्थी वंचित न रहे। उन्होंने पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि, मंत्री पीयूष हजारिका पिछले सात दिनों से शिवसागर और चराइदेव जिलों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की निगरानी के लिए लगातार क्षेत्र में डटे हुए हैं। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा की और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। प्रशासन के सहयोग से जिन परिवारों के घर बाढ़ में पूरी तरह बह गए हैं, उनके लिए अस्थायी आश्रय बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश