home page

असम बाढ़ः वन विभाग ने शिवसागर में पांच हजार प्रभावितों तक पहुंचाई मदद

 | 
असम बाढ़ः वन विभाग ने शिवसागर में पांच हजार प्रभावितों तक पहुंचाई मदद


गुवाहाटी, 27 जुलाई (हि.स.)। असम में बाढ़ से जूझ रहे हजारों लोगों के लिए वन विभाग राहत का बड़ा सहारा बनकर सामने आया है। शिवसागर जिले के दूरदराज और जलमग्न इलाकों में विभाग के कर्मचारियों ने करीब पांच हजार बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई। वन मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने साेमवार काे इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कर्मचारियों के साहस और सेवा भावना की प्रशंसा की।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए बरुवा ने बताया कि गोलाघाट सोशल फॉरेस्ट्री डिवीज़न के कर्मचारियों ने बाढ़ के पानी में फंसे परिवारों तक पका हुआ खाना, दवाइयां, नए कपड़े और कीटाणुनाशक पहुंचाने के लिए पूरी यात्रा नाव से की।

मंत्री ने कहा कि इस अभूतपूर्व बाढ़ के दौरान वन विभाग असम के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहा और कर्मचारियों ने मुश्किल हालात में काम करते हुए उन लोगों तक राहत पहुंचाई जो ज़रूरी सेवाओं से कट गए थे।

टीम के प्रयासों की तारीफ करते हुए बरुवा ने कहा कि विभाग ने हमेशा मुश्किल समय में आगे बढ़कर काम किया है, चाहे वह जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा हो या प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों की सेवा करना। उन्होंने राहत अभियान को अंजाम देने में टीम के हर सदस्य के समर्पण, साहस और संवेदना के लिए उनकी सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय