home page

सिलचर में 10 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट जब्त, दो गिरफ्तार

 | 
सिलचर में 10 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट जब्त, दो गिरफ्तार


कछार (असम), 14 जुलाई (हि.स.)। कछार पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत सिलचर शहर से 10,000 संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मंगलवार काे बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला था कि दो व्यक्ति सिलचर शहर में संदिग्ध मादक पदार्थ की तस्करी के उद्देश्य से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर मंगलवार तड़के करीब 1:30 बजे कालीबाड़ी चर स्थित मालाकार पट्टी क्षेत्र में अभियान चलाकर दोनों को हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कछार जिले के बेरेंगा पार्ट-द्वितीय निवासी तोमिज उद्दीन लस्कर (28) तथा नगांव जिले के जुरिया थाना अंतर्गत बटामारी निवासी असादुल इस्लाम (29) के रूप में हुई है।

व्यक्तिगत तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 10,000 संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 1,094 ग्राम है। बरामद मादक पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम के निर्धारित प्रावधानों के तहत स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में मौके पर ही जब्त कर सील एवं लेबल किया गया।

इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश