सिलचर नगर निगम चुनावः 316 केंद्रों पर मतदान आरंभ
-2.70 लाख से अधिक मतदाता 40 वार्डों में करेंगे मतदान
कछार (असम), 03 अक्टूबर (हि.स.)। नगर पालिका से नगर निगम बनने के बाद सिलचर में पहली बार आज निकाय चुनाव हो रहा है। शनिवार को होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार को ही मतदान कर्मी चुनाव सामग्री लेकर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गये। उल्लेखनीय है कि सिलचर नगर निगम में कुल 2,70,772 मतदाता हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए 316 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
कुल 42 वार्डों वाले नगर निगम के 40 वार्डों में मतदान हो रहा है, जबकि दो वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। मतदान आज सुबह 7:30 बजे आरंभ हुआ। मतदान की प्रक्रिया शाम चार बजे तक चलेगा। मतगणना छह अक्टूबर को की जाएगी।
चुनाव प्रक्रिया के लिए कुल 1,212 मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें 10 ऐसे मतदान केंद्र भी शामिल हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा किया जा रहा है।
संवेदनशील केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदान केंद्रों को संवेदनशील और अति-संवेदनशील श्रेणियों में बांटा गया है। अति-संवेदनशील केंद्रों पर हथियारबंद पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने और मतदाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम पूरे शहर में चौबीसों घंटे निगरानी रख रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

