सिलचर नगर निगम के चुनावी रण में भाजपा का शंखनाद
कछार (असम), 04 सितंबर (हि.स.)। कछार जिला मुख्यालय शहर सिलचर के आगामी नगर निगम चुनाव के निकट आते ही पार्टी की चुनावी रणनीति, संगठनात्मक तैयारियों तथा भावी कार्ययोजना पर व्यापक और गहन विचार-विमर्श के उद्देश्य से आज कछार जिला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में एक अत्यंत महत्वपूर्ण चुनाव-पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई।
असम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व लाेकसभा सांसद दिलीप सैकिया के नेतृत्व में आयोजित बैठक में शिलचर नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से में पार्टी के संगठनात्मक आधार को और अधिक सुदृढ़ करने, मतदाताओं के साथ गहन, सतत और जीवंत जनसंपर्क स्थापित करने तथा केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारों द्वारा किए गए विकासात्मक कार्यों और उपलब्धियों को सुव्यवस्थित ढंग से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के विषय में व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सभी आठ मोर्चों के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री तथा संगठन के विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ता पहुंचे। आगामी चुनाव को केंद्र में रखते हुए प्रत्येक वार्ड तथा प्रत्येक मतदान केंद्र के स्तर पर संगठनात्मक तैयारी, सघन जनसंपर्क अभियान, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा मतदाताओं के बीच भाजपा के विकास-संदेश को व्यापक रूप से पहुँचाने के लिए अपनाई जाने वाली कार्ययोजना पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
सिलचर नगर निगम के इतिहास में पहली बार आयोजित होने जा रहे इस ऐतिहासिक चुनाव में भाजपा ने पूर्ण और निर्णायक बहुमत के साथ प्रचंड विजय अर्जित करने के अपने अडिग संकल्प को पुनः दोहराया। बैठक में यह रेखांकित किया गया कि पार्टी का सर्वोच्च लक्ष्य सिलचर को एक आधुनिक, स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुनियोजित, सक्षम प्रशासन वाला तथा सुदृढ़ आधारभूत संरचना से संपन्न महानगरीय शहर के रूप में विकसित करना है, जहाँ नागरिकों को उच्चस्तरीय सुविधाएँ और बेहतर शहरी जीवन-मानक प्राप्त हों।
बैठक में सिलचर के समग्र, सर्वांगीण और सतत विकास को सुनिश्चित करने तथा आगामी पांच वर्षों में प्रत्येक नागरिक को पारदर्शी, उत्तरदायी, जवाबदेह, संवेदनशील और जनोन्मुखी नगर प्रशासन के माध्यम से सेवा प्रदान करने का भी संकल्प लिया गया। शहर की सड़क एवं संपर्क व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, नाला-नालियों तथा जल-निकासी प्रणाली, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, शहर के सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक स्वच्छता, स्वास्थ्यकर पर्यावरण तथा अन्य अनिवार्य नागरिक सुविधाओं के उन्नयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का आह्वान किया गया कि वे स्वयं को पार्टी का एक प्रत्याशी और उसके विचारों, सिद्धांतों तथा आदर्शों का प्रखर दूत मानते हुए अटूट निष्ठा, अनुशासन, एकजुटता और संगठनात्मक दृढ़संकल्प के साथ चुनावी अभियान में पूर्ण समर्पण से जुटें। साथ ही जनता और सम्मानित मतदाताओं के साथ सतत एवं आत्मीय संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को समझने तथा प्रत्येक मतदाता को भाजपा की नीति, विचारधारा, सुशासन और विकास के संकल्प से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में बूथ स्तर तक प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता से सुसमन्वित, अनुशासित और मिशन-उन्मुख ढंग से कार्य करने का आह्वान किया गया। प्रत्येक परिवार से प्रत्यक्ष संपर्क स्थापित करने, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से नागरिकों को अवगत कराने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता को लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान केंद्र तक पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित और संगठित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री रविंद्र राजू, कछार जिला अध्यक्ष रूपम साहा, सिलचर नगर निगम चुनाव के प्रभारी एवं मंत्री कौशिक राय, सांसद परिमल शुक्लबैद्य एवं कनाड पुरकायस्थ, विधायक डॉ. राजदीप रॉय, राजदीप गोआला एवं किशोर नाथ सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

