home page

नामती पुलिस के अभियान में भारी मात्रा में गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
नामती पुलिस के अभियान में भारी मात्रा में गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार


शिवसागर (असम), 26 फरवरी (हि.स.)। शिवसागर जिले के नामती पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार की रात को तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा जब्त किया गया। इस अभियान में दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और एक स्विफ्ट वाहन भी जब्त किया गया।

जानकारी के अनुसार जोरहाट जिला के टियोक से नाजिरा की ओर एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में गांजा ले जाने की पुलिस को खुफिया सूचना मिली। इसके बाद नामती पुलिस थाना के प्रभारी पुलिस अधिकारी भुवनज्योति गोगोई के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने ऐतिहासिक धोदर अली इलाके में वाहनों की तलाशी ली और गांजा जब्त किया।

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दो तस्करों की पहचान टियोक पुलिस थानांतर्गत बामुन पुखुरी बोरागांव के हेमंत बोरा और टियोक पुलिस थानांतर्गत खारघरिया गांव के विश्वज्योति फूकन के रूप में की है।

गिरफ्तार किए गए इन दोनों व्यक्तियों के पास से पुलिस ने 1.537 किलोग्राम संदिग्ध गांजा, दो मोबाइल फोन, 6,960 रुपये नकद और एक स्विफ्ट कार (एएस-03एडी-8059) को जब्त करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस इस संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रखे हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय