पीएमएवाई-जी के तहत एक लाख परिवारों को मिला नया घर, असम को मिली विकास योजनाओं की बड़ी सौगात
गुवाहाटी, 23 फरवरी (हि.स.)। असम के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत एक लाख परिवार अपने नए पक्के घरों में प्रवेश कर गर्वित गृहस्वामी बने। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में नव-निर्मित घरों का गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी घोषणा की गई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिससे राज्य में आधारभूत संरचना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
मंजूर की गई परियोजनाओं में 1,817 करोड़ की लागत से 528 सड़कों और 62 पुलों का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत तीन करोड़ अतिरिक्त मानव दिवस तथा 1,100 करोड़ रुपये का आवंटन स्वीकृत किया गया है। पल्सेस मिशन के अंतर्गत 42 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जबकि किसानों के लिए पावर टिलर उपलब्ध कराने हेतु अतिरिक्त 40.5 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। साथ ही 62,500 मैट्रिक टन सरसों की खरीद को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 120 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी वितरित की गई।
राज्य सरकार ने डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना, कृषि सारथी ऐप, समावेशी आजीविका योजना और रूरल वन ऐप सहित कई नई पहलों की भी शुरुआत की, जिससे असम में समावेशी और तकनीक-आधारित विकास को बढ़ावा मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

