home page

पूसीरे ने शिमलगुड़ी रेलवे कनेक्शन को किया बहाल

 | 
पूसीरे ने शिमलगुड़ी रेलवे कनेक्शन को किया बहाल


- महाप्रबंधक ने सेक्शन का निरीक्षण किया, आंशिक रूप से ट्रेन सेवाएं पुनः होगी शुरू

- रेल पटरियों के पास शरण लेने वाले बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीज़ल इंजन का होगा उपयोग

गुवाहाटी, 06 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने तिनसुकिया मंडल के अधीन शिवसागर ज़िले के शिमलगुड़ी और आस-पास के क्षेत्रों में हालिया बाढ़ से क्षतिग्रस्त रेल पटरी को सफलतापूर्वक ठीक कर लिया है। पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने प्रभावित सेक्शनों का दौरा किया और रेल पटरी, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान देखा गया कि बाढ़ की स्थिति के कारण कई बच्चों समेत स्थानीय निवासी अपने सामान और मवेशियों के साथ अभी रेल पटरी पर या उसके आस-पास शरण लिए हुए हैं। मानवीय चिंताओं को ध्यान में रखते हुए और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह तय किया गया है कि पुनर्बहाल सेक्शनों पर प्रारंभिक तौर पर केवल डीज़ल इंजन वाली ट्रेनें ही चलाई जाएंगी। यह एहतियाती कदम बिजली का झटका लगने के जोखिम को कम करने और हालात सामान्य होने तक बाढ़ से प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि लोकल ट्रेन सेवाएं, जैसे ट्रेन संख्या 15669 (गुवाहाटी-डिब्रूगढ़) नगालैंड एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15603/15604 (गुवाहाटी-लीडो-गुवाहाटी) इंटरसिटी एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15967/15968 (रंगिया- लीडो-रंगिया) इंटरसिटी एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 75601/75602 (लामडिंग-तिनसुकिया-लामडिंग) डेमू और ट्रेन संख्या 55914 (तिनसुकिया-जोरहाट टाउन) पैसेंजर आदि वाया मरानहाट होकर चलेंगी।

फिलहाल, लंबी दूरी की ट्रेनें परिवर्तित मार्ग वाया उत्तर लखिमपुर-रंगापाड़ा नॉर्थ-रंगिया होकर चलती रहेंगी। इसके अलावा, इस व्यवधान अवधि के दौरान ऊपरी असम आने-जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक रेल सेवा प्रदान करने के लिए नियमित रूप से स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं।

हालात सामान्य होने और प्रभावित लोगों के अपने घरों को लौटने के बाद इस सेक्शन में ट्रेन सेवाओं को पूर्णतः बहाल करने और इलेक्ट्रिक ट्रेन चलाने का निर्णय लिया जाएगा।

पूसीरे इस क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित लोगों और ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय