असम में रेशम उत्पादन क्षेत्र को डिजिटल मजबूती, मंत्री बिश्वजीत दैमारी ने डिजिटल प्रणाली का किया शुभारंभ
गुवाहाटी, 25 अगस्त (हि.स.)। असम सरकार के रेशम निदेशालय ने मंगलवार को रेशम उत्पादन प्रबंधन सूचना प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ किया। इस डिजिटल मंच के माध्यम से राज्य के रेशम उत्पादन क्षेत्र में डिजिटल शासन, सूचना प्रबंधन और हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय को बढ़ावा मिलेगा।
असम सरकार के हथकरघा, वस्त्र एवं रेशम मंत्री बिश्वजीत दैमारी ने इस डिजिटल प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर रेशम निदेशक लखीमी दत्ता, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विशेष सचिव एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी कौशर जे हिलाली, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निदेशक अंकुर भराली, वरिष्ठ एसीएस अधिकारी काजोरी राजखोवा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह प्रणाली एरी, मूगा, शहतूत और तसर रेशम उत्पादन को एकीकृत करने वाले डिजिटल मंच के रूप में विकसित की गई है। इसके जरिए किसान, किसान हित समूह, जिला रेशम कार्यालय और राज्य प्रशासन एक साझा डिजिटल मंच से जुड़ सकेंगे।
इस प्रणाली का उद्देश्य सूचनाओं के निर्बाध आदान-प्रदान, प्रभावी निगरानी और रेशम उत्पादन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दैमारी ने रेशम उत्पादन क्षेत्र में पारदर्शिता, बेहतर समन्वय और सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने के लिए तकनीक एवं डिजिटल मंचों को अपनाने के महत्व पर जोर दिया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

