असम में 17 अवैध घुसपैठियों को वापस भेजा गया: मुख्यमंत्री सरमा
गुवाहाटी, 20 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को कहा कि राज्य में विभिन्न रास्तों से भारत में घुसने की कोशिश कर रहे 17 अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें वापस भेज दिया गया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि असम की धरती पर किसी भी परिस्थिति में अवैध घुसपैठ स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि असम पुलिस ने सतर्कता और सक्रियता दिखाते हुए इन घुसपैठियों की पहचान की और उन्हें भारत में प्रवेश करने से रोक दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानूनी तरीके से आने वालों के लिए असम के दरवाजे खुले हैं, लेकिन अवैध रूप से प्रवेश करने वालों के लिए एक ही रास्ता है—वापस भेजना।
उन्होंने कहा कि असम की भूमि, जनता के अधिकारों और सुरक्षा के हित में अवैध घुसपैठ के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में संदेश दिया—“नो कागज, नो इंट्री।” हालांकि, इसका खुलासा नहीं हुआ है कि राज्य के किस हिस्से से घुसपैठियों को वापस भेजा गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

