home page

असम में बाढ़ के कारण मिसिंग स्वायत्त परिषद निर्वाचन की मतदाता सूची का संशोधित कार्यक्रम जारी

 | 
असम में बाढ़ के कारण मिसिंग स्वायत्त परिषद निर्वाचन की मतदाता सूची का संशोधित कार्यक्रम जारी


गुवाहाटी, 21 जुलाई (हि.स.)। असम राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य में जारी बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मिसिंग स्वायत्त परिषद निर्वाचन, 2026 के लिए मतदाता सूची के प्रारूपण एवं प्रकाशन का कार्यक्रम संशोधित कर दिया है।

आयोग द्वारा 21 जुलाई को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि 30 जून, 2026 को जारी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया राज्य में आई बाढ़ के कारण पूरी नहीं की जा सकी। इसलिए मिसिंग स्वायत्त परिषद (निर्वाचन) नियम, 2005 के नियम 16 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए निर्वाचन आयोग ने नया कार्यक्रम जारी किया है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 29 जुलाई, 2026 को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 अगस्त निर्धारित की गई है, जबकि इनके निस्तारण की अंतिम तिथि 20 अगस्त होगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 24 अगस्त, 2026 को किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि 30 जून, 2026 की पूर्व अधिसूचना में उल्लिखित अन्य सभी शर्तें एवं प्रावधान यथावत लागू रहेंगे। यह अधिसूचना असम के राज्य निर्वाचन आयुक्त रंजन शर्मा द्वारा जारी की गई है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश