home page

सामगुड़ी के शिवस्थान में भीषण आगजनी, छह दुकानें जलकर राख

 | 

नगांव (असम), 08 जून (हि.स.)। सामगुड़ी के शिवस्थान बाजार में रविवार देर रात भीषण आग लगने से छह दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इस हादसे में लगभग 50 लाख मूल्य की संपत्ति और सामान नष्ट हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आधी रात के आसपास अचानक बाजार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों के कारण दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उसे नियंत्रित करना संभव नहीं हो सका। प्रभावित दुकानदारों का कहना है कि वर्षों की मेहनत और पूंजी कुछ ही मिनटों में नष्ट हो गई। नुकसान से कई व्यापारी गहरे सदमे में हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना दिए जाने के बावजूद निकटवर्ती सोनाइबाली अग्निशमन केंद्र की टीम घटनास्थल पर देर से पहुंची। लोगों का कहना है कि यदि दमकल विभाग समय पर पहुंचता तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

इस बीच प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है तथा हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने प्रभावित दुकानदारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश