home page

असम के सदिया में तूफान का कहर, पेड़ गिरने से गोदाम कर्मचारी की मौत

 | 
असम के सदिया में तूफान का कहर, पेड़ गिरने से गोदाम कर्मचारी की मौत


गुवाहाटी, 3 नवंबर (हि.स.)। असम के पूर्वी हिस्से में स्थित सदिया में मंगलवार को आए भीषण तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस दौरान एक विशाल पेड़ आलू के गोदाम पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से वहां कार्यरत एक कर्मचारी की मौत हो गई।

आज पुलिस द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कर्मचारी गोदाम के अंदर मौजूद था, तभी तेज हवाओं के कारण एक विशाल पेड़ गोदाम की इमारत पर गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

तूफान के कारण क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में कई बड़े पेड़ उखड़कर गिर गए। कई पेड़ बिजली की तारों पर गिरने से बिजली की लाइनें टूट गईं और विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

तेज हवाओं के कारण कई मकानों और आवासीय संरचनाओं को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

सदिया के चपाखोवा इलाके में कई उखड़े हुए पेड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिर गए, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

स्थानीय प्रशासन तूफान से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। इसमें मकानों, कृषि क्षेत्र और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश