home page

असम : 37 लाख मूल्य की सुपारी चोरी मामले में एक गिरफ्तार

 | 
असम : 37 लाख मूल्य की सुपारी चोरी मामले में एक गिरफ्तार


नगांव (असम), 22 अगस्त (हि.स.)। असम के नगांव जिले में रूपहीहाट पुलिस ने करीब 37 लाख रुपये की सुपारी चोरी के मामले में एक व्यक्ति को बीती रात गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तेलिया चापरी टूप निवासी जियाबुर रहमान के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, रहमान की गिरफ्तारी खैरुल इस्लाम की शिकायत के आधार पर की गई। बताया जा रहा है कि आरोपित का कथित तौर पर बर्मीज (म्यांमार) सुपारी के अवैध कारोबार से संबंध है। पुलिस को संदेह है कि सुपारी चोरी की घटना में शामिल कई लोगों में रहमान भी एक हो सकता है।

मामले में यह आरोप भी सामने आया है कि गुवाहाटी में तैनात एक डीएसपी और रूपहीहाट निवासी एक व्यक्ति ने कथित तौर पर रहमान के पक्ष में मामले में हस्तक्षेप करने की कोशिश की। आरोपों के अनुसार, अधिकारी काली रंग की गाड़ी से रूपहीहाट पुलिस थाने पहुंचा था, लेकिन वहां मीडिया और कैमरों की मौजूदगी देखकर वह वापस लौट गया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और चोरी की घटना में कथित रूप से शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय