home page

संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में सामाजिक सद्भावना बैठक आयोजित

 | 
संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में सामाजिक सद्भावना बैठक आयोजित


गोलाघाट (असम), 16 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में साेमवार काे गोलाघाट जिला के डेरगांव खंड अंतर्गत डेरगांव नगर मंडल में स्थित मारवाड़ी पंचायत धर्मशाला में एक सामाजिक सद्भावना बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में डेरगांव खंड के 11 जातियों और जनजातियों के कुल 23 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी जातियों और जनजातियों के बीच सामाजिक सद्भाव और सामंजस्य बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय किसान संघ के असम, मेघालय और नगालैंड के संगठनिक सचिव कृष्ण कांत बोरा ने हिस्सा लिया।

बोकाखात शंकरदेव शिशु निकेतन के प्रमुख आचार्य दीपक गोस्वामी के स्वागत भाषण के बाद विचार-विमर्श कार्यक्रम चला। बैठक में मौजूद लोगों ने विभिन्न ज्वलंत समस्याओं जैसे उच्च - निम्न भेदभाव, धर्मांतरण, महिला सुरक्षा, लैंड जिहाद, नशा की आदत आदि के बारे में अपने विचार व्यक्त किए।

अंत में बैठक में उठाए गए विभिन्न विषयों की अवधारणाओं के संबंध में मार्गदर्शनपूर्ण समापन भाषण देते हुए कृष्ण कांत बोरा ने सभी हिंदू जाति-जनजाति, जनसमूहों के बीच समन्वय-सौहार्द, एकता और आपसी सम्मान के साथ सुख-दुःख में सहभागी होकर सद्भाव बनाए रखने और संगठित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा इसके माध्यम से हमारी आंतरिक सुरक्षा अटूट रहेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि आध्यात्मिकता की नींव पर आधारित सनातनी संस्कृति के सच्चे अनुयायी ही समाज में शांति, सौहार्द और विकास संभव कर सकते हैं। संगठित हिंदू मजबूत भारत उक्त संदेश के साथ श्रीकृष्ण कांत बोरा ने अपना सारगर्भित भाषण समाप्त किया।

बोकाखात शंकरदेव शिशु विद्या निकेतन के प्रधान आचार्य दीपक गोस्वामी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत में देरगांव खंड के संघचालक राजमोहन शर्मा ने भारत माता की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद नीलोत्पल बोरा ने गुरु वंदना से कार्यक्रम का वातावरण निर्मित किया और अंत में कल्याण मंत्र से बैठक का समापन किया गया। --------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय