आरपीएफ महानिदेशक सोनाली मिश्रा ने किया पूसीरे का दौरा
गुवाहाटी, 06 अप्रैल (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महानिदेशक सोनाली मिश्रा ने 5 एवं 6 अप्रैल को पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) का दो दिवसीय विस्तृत निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य सुरक्षा, समन्वय तथा बुनियादी ढांचे के विकास को सुदृढ़ करना था। अपने गुवाहाटी दौरे के दौरान, आरपीएफ के महानिदेशक ने प्रोटोकॉल के अनुरूप एक व्यापक इलेक्शन ब्रिफिंग में भाग लिया और मालीगांव स्थित रंग भवन में आयोजित सुरक्षा सम्मेलन में उपस्थित हुई। इस सम्मेलन में विभिन्न बुनियादी ढांचा विकास पहलों पर चर्चा की गई।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने साेमवार काे बताया कि आरपीएफ की डीजी ने गुवाहाटी पोस्ट का भी निरीक्षण किया तथा असम के पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च-स्तरीय बैठक की, जिससे सुरक्षा व्यवस्थाओं पर समन्वय को और अधिक सुदृढ़ किया गया। तत्पश्चात् उन्होंने पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव तथा प्रमुख विभागाध्यक्षों के साथ व्यापक चर्चा की, जिसमें रेलवे सुरक्षा, परिचालन दक्षता तथा समग्र तैयारियों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत हुई। इसके अतिरिक्त, आरपीएफ के महानिदेशक ने पूसीरे (निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल के साथ बातचीत में पूर्वोत्तर क्षेत्र में चल रही नई रेल परियोजनाओं की प्रगति पर सुरक्षा को लेकर समीक्षा की।
इस दौरे के दौरान पीसीएससी रिजर्व कंपनी, मालीगांव में कार्यालय-सह-बैरक के निर्माण से संबंधित प्रगति की समीक्षा की गई। यह परियोजना इस क्षेत्र में आरपीएफ की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करेगी और परिचालन क्षमता को बढ़ाएगी। महानिदेशक ने चुनाव को लेकर पूसीरे के तैयारियों की व्यापक समीक्षा की तथा सतर्कता बढ़ाने, निर्बाध समन्वय और सक्रिय सुरक्षा उपायों के महत्व पर जोर दिया, ताकि सुरक्षित, संरक्षित और निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित किया जा सके।
यह दौरा पूरे क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा को मज़बूत करने, बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और यात्रियों के लिए बेहतर सुरक्षा और सेवाओं को सुनिश्चित करने के प्रति पूसीरे की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

