असम में राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर जिम्मेदार पत्रकारिता की भूमिका पर मंथन
-मंत्री सुशांत बोरगोहाईं बोले- समाज के उत्थान में पत्रकारों की अहम जिम्मेदारी
-पत्रकार घटनाओं के पीछे की वास्तविकता भी उजागर करें : प्रो. अंकुरण दत्ता
गुवाहाटी, 16 नवंबर (हि.स.)। असम के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के तत्वावधान में सोमवार को गुवाहाटी स्थित लोक निर्माण विभाग के सम्मेलन एवं प्रशिक्षण केंद्र में राज्यस्तरीय राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिम्मेदार और जनमुखी पत्रकारिता की आवश्यकता, मीडिया की बदलती भूमिका तथा समाज के प्रति पत्रकारों की जवाबदेही पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित असम सरकार के जल संसाधन एवं न्याय विभाग के मंत्री सुशांत बोरगोहाईं ने कहा कि समाज के उत्थान में पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विश्लेषणात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देने से समाज के सभी वर्गों को लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में पत्रकारिता की चुनौतियां और बढ़ेंगी, लेकिन पत्रकार अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन कर समाज के हित में सकारात्मक भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने आम लोगों तक सफलता की कहानियां पहुंचाने पर भी जोर दिया।
इस वर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस की थीम 'पत्रकारिता : जनमुखी या जिम्मेदार' पर विशेष वक्ता के रूप में गौहाटी विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर अंकुरण दत्ता ने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिप्रेक्ष्य में असम का समाचार जगत मजबूत और उन्नत स्थिति में है। इस प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए समाचार माध्यमों से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को सजग और जिम्मेदार भूमिका निभानी होगी।
भारतीय पत्रकारिता के इतिहास के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि एक विशेष दृष्टिकोण और लक्ष्य के साथ शुरू हुई भारतीय पत्रकारिता ने आगे चलकर पेशेवर स्वरूप हासिल किया। विजन, मिशन, प्रोफेशन और क्रिएशन जैसे विभिन्न चरणों से गुजरते हुए भारतीय समाचार माध्यम आज भी बदलाव की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को घटनाओं के केवल बाहरी पहलुओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके पीछे छिपी वास्तविकता और कहानियों को भी सामने लाना चाहिए।
प्रो. दत्ता ने मीडिया साक्षरता पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकारों को इस बात पर आत्ममंथन करना चाहिए कि वे जनभावनाओं के बजाय विवेक और तार्किकता को कितना महत्व देते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और वैश्विक स्तर पर भारतीय समाचार पत्रों की विशिष्ट पहचान है। इस पहचान को बनाए रखने के लिए पत्रकारिता में जिम्मेदारी और जागरूकता जरूरी है।
कार्यक्रम को प्रसिद्ध पत्रकार भूपेन भट्टाचार्य और पद्मा पाटरे ने भी संबोधित किया। उन्होंने मीडिया की भूमिका, पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुति के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।
इससे पहले सूचना, जनसंपर्क, मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग के आयुक्त-सचिव कुमार पद्मपाणि बोरा ने स्वागत भाषण दिया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक मानवेंद्र देव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शुरुआत में निदेशालय की सांस्कृतिक शाखा के कलाकारों ने समूह संगीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों, गणमान्य व्यक्तियों, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

