home page

(अपडेट) सेवानिवृत्त एपीएस अधिकारी की मौत मामले में आराेपित संजीत बोड़ो गिरफ्तार

 | 
(अपडेट) सेवानिवृत्त एपीएस अधिकारी की मौत मामले में आराेपित संजीत बोड़ो गिरफ्तार


गुवाहाटी, 25 मई (हि.स.)। गुवाहाटी के घोड़ामारा इलाके में सेवानिवृत्त असम पुलिस सेवा (एपीएस) अधिकारी गिरीन चंद्र डेका के साथ हुई मारपीट मामले में पुलिस ने आरोपित संजीत बोड़ो को गिरफ्तार कर लिया है। गुवाहाटी पुलिस के डीसीपी ने साेमवार काे बताया कि यह घटना 15 मई की रात पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद हुई थी।

मृतक के परिजनों ने 19 मई को बशिष्ठ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गंभीर रूप से घायल गिरीन चंद्र डेका ने रविवार देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी आयु 60 वर्ष से अधिक थी।

जानकारी के अनुसार, घोड़ामारा मार्ग पर रात लगभग 10 बजे पार्किंग को लेकर संजीत बोड़ो और गिरीन चंद्र डेका के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। घटना के बाद डेका काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। लोगों ने इसकी सूचना डेका के परिवार को दी, जिसके बाद परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए।

गिरीन चंद्र डेका घोड़ामारा के शिवनगर इलाके के निवासी थे, जबकि आरोपित संजीत बोड़ो भी उसी इलाके का रहने वाला बताया गया है। डेका पूर्व में क्षेत्री थाना के प्रभारी अधिकारी रह चुके थे और लगभग एक वर्ष पूर्व असम पुलिस की सीआईडी शाखा में डीएसपी पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश