राशन कार्डधारक परिवारों काे बड़ी राहत, 35 रुपये में चीनी और 70 रुपये में मसूर दाल
गुवाहाटी, 30 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को कैबिनेट बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राशन कार्डधारक परिवारों के लिए सस्ती दरों पर चीनी और दाल उपलब्ध कराने समेत कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लाभार्थियों को 35 रुपये प्रति किलो चीनी और 70 रुपये प्रति किलो मसूर दाल उपलब्ध कराई जाएगी। कहा कि शिवसागर और चराइदेव जिलों के अरुणोदय योजना के लाभार्थियों को इस महीने 2,000 रुपये, जबकि अन्य जिलों के लाभार्थियों को 1,200 रुपये मिलेंगे। अरुणोदय योजना की राशि 10 सितंबर को लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 सितंबर को ऊपरी असम के चार बाढ़ प्रभावित जिलों के परिवारों को 15,000 रुपये की पहली किस्त जारी की जाएगी। जिन परिवारों को अब तक राहत राशि नहीं मिली है, उन्हें भी यह सहायता दी जाएगी। कहा कि एक सितंबर से जीवन प्रेरणा योजना फिर से शुरू होगी और सीएस-फ्लाइट योजना की पहली किस्त की राशि भी जारी की जाएगी।
नेपाल में लापता असम के लोगों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी आठ लोगों का पता लगा लिया गया है। वे शाम 5 बजे भारत-नेपाल सीमा में प्रवेश करेंगे और उन्हें काठमांडू से विमान के जरिए वापस लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने गुवाहाटी विश्वविद्यालय के विभिन्न बुनियादी ढांचा विकास कार्यों के लिए 250 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके तहत पहले चरण में 109 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय में जी+5 शैक्षणिक भवन, अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए जी+4 छात्रावास, छात्रों के लिए छात्रावास और स्टाफ क्वार्टर सहित कई सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्घाटन 7 सितंबर को उपराष्ट्रपति द्वारा किया जाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

