home page

(अपडेट) रंगिया में डकैती की साजिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपित, एम्स में भर्ती

 | 
(अपडेट) रंगिया में डकैती की साजिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपित, एम्स में भर्ती


कमरूप, 17 अक्टूबर (हि.स.)। असम के रंगिया में डकैती की कथित साजिश को लेकर पुलिस ने कई अहम जानकारियां साझा की हैं। पुलिस के अनुसार, जानमहमूद उर्फ मेला और उसका गिरोह इलाके में बड़ी डकैती को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए हथियार और वाहन जुटाए जा रहे थे। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर इस योजना को नाकाम कर दिया गया।

रंगिया समजिला (उप जिला) के पुलिस अधीक्षक ध्रुवज्योति नाथ ने शनिवार को मुठभेड़ की घटना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपित मेला और उसके गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अभियान तेज किया था। शुक्रवार को मेला और उसके दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात मेला को आगे की पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई, जब मेला ने एक पुलिस अधिकारी से हथियार छीनकर भागने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गोली चलानी पड़ी, जिससे मेला के बाएं पैर में चोट लग गई। घायल आरोपित को इलाज के लिए चांगसारी स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि मेला के खिलाफ रंगिया, गोरेश्वर, तामुलपुर और बाइहाटा चाराली समेत कई थानों में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, रंगिया में डकैती की कथित साजिश से जुड़े कुल पांच लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है।

रंगिया में कथित डकैती की योजना के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की पहचान करने और साजिश से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और जानकारियां सामने आने की संभावना है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय