आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में गांजा बरामद, एक गिरफ्तार
शोणितपुर (असम), 23 सितंबर (हि.स.)। रंगापारा नॉर्थ रेलवे स्टेशन पर नियमित संयुक्त जांच अभियान के दौरान आरपीएफ स्पेशल टीम के हेड कांस्टेबल देबाशीष मिश्रा और कांस्टेबल सुनील कुमार ने जीआरपी के समन्वय तथा आईपीएफ दिलीप कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष जांच अभियान चलाते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद करने के साथ ही एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 55824 अप रंगापारा नॉर्थ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर खड़ी थी। जांच दल इंजन की ओर से अंतिम कोच की जांच कर रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति हाथ में दो सफेद प्लास्टिक बैग लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। जांच दल को देखते ही वह व्यक्ति बालिपारा की ओर भागने लगा। आरपीएफ और जीआरपी कर्मियों ने काफी दूर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम अरिजीत दास (45, शोणितपुर, असम) बताया।
पुलिसकर्मियों को देखकर भागने के कारण के बारे में पूछे जाने पर आरोपित ने बताया कि वह डर गया था। आगे की पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह रौता बागान रेलवे स्टेशन से माणिक नामक व्यक्ति, जो रौता का निवासी है, की सहायता से ट्रेन संख्या 55893 अप के जरिए संदिग्ध गांजा लेकर आया था।
आरोपित की निशानदेही पर आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम द्वारा गांजा बरामद किया गया। दोनों बैगों गांजा से भरे दो पैकेट बरामद हुए। वजन करने पर बरामद गांजे का कुल वजन 10 किलो 517 ग्राम पाया गया। इसकी बाजार कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई गयी है।
आरपीएफ रंगापारा कार्यालय के जानकारी अनुसार, आरोपित को पूर्व में भी ओसी/जीआरपीएस/आरपीएएन केस नंबर 21/2024, धारा 305(बी) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जयकिशोर झा

