जुबीन गर्ग की मौत के मामले में न्याय की मांग, हिरासत में लिए गए राइजर दल के कई सदस्य
गुवाहाटी, 20 अक्टूबर (हि.स.)। असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर मंगलवार को दिसपुर स्थित जनता भवन के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे राइजर दल के कई सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के मद्देनजर इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
राइजर दल के अध्यक्ष और शिवसागर के विधायक अखिल गोगोई के आह्वान पर पार्टी के सदस्य मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताने के लिए जुटे थे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि जुबीन गर्ग की मौत के मामले में जवाबदेही तय की जाए और उन्हें न्याय मिले।
प्रदर्शन से पहले अखिल गोगोई ने उम्मीद जताई थी कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा विरोध कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित होने देंगे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन भी स्वीकार करेंगे। हालांकि, प्रदर्शनकारी जैसे ही जनता भवन के बाहर एकत्र हुए, वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई। इसी दौरान पुलिस ने पार्टी के कई सदस्यों को हिरासत में ले लिया।
यह प्रदर्शन 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में जुबीन गर्ग की मौत के मामले में जवाबदेही तय करने की लगातार उठ रही मांग के बीच हुआ। फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या और उन्हें हिरासत में लेने के कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

