home page

असम विस चुनावः राइजर दल ने उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की

 | 
असम विस चुनावः राइजर दल ने उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की


गुवाहाटी, 22 मार्च (हि.स.)। क्षेत्रीय पार्टी राइजर दल ने असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की अंतिम सूची आज जारी कर दी है, जिसमें राज्य के प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों से उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी की चुनाव समिति द्वारा अनुमोदित सूची के अनुसार, कलियाबर से प्रदीप कुमार बरुवा को मैदान में उतारा गया है, जबकि पार्टी अध्यक्ष अखिल गोगोई शिवसागर से चुनाव लड़ेंगे।

अन्य उम्मीदवारों में गौरीपुर से अबुल मियां, पूब ग्वालपाड़ा से अब्दुर बासिद मंडल, मानस से अंजन तालुकदार, दलगांव से अजीजुर रहमान, धिंग से महबूब मुख्तार, तेजपुर से अलक नाथ, सिसिबरगांव से दुलाल चंद्र बरुवा, मार्घेरिटा से राहुल छेत्री, दिगबोई से दुलाल मोरान और मरियानी से ज्ञानश्री बोरा शामिल हैं।

पार्टी ने कहा कि बोकाखात निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवार की घोषणा 22 मार्च को की जाएगी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के साथ चर्चा के बाद, विपक्षी दलों के बीच सीटों के बंटवारे की व्यवस्था के तहत राइजर दल को 13 निर्वाचन क्षेत्र आवंटित किए गए हैं।

अखिल गोगोई ने कहा कि यह पार्टी की अंतिम सूची है और पहले घोषित किए गए जिन उम्मीदवारों के नाम इस सूची में शामिल नहीं हैं, उनकी उम्मीदवारी रद्द मानी जाएगी। उन्होंने इन बदलावों पर खेद भी व्यक्त किया और कहा कि यह निर्णय भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगियों का मुकाबला करने के लिए विपक्षी एकता के व्यापक हित में लिया गया है।

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब विपक्षी दल आगामी असम विधानसभा चुनावों से पहले अपनी रणनीति को मजबूत करने के प्रयास जारी रखे हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय