home page

कामरूप में सात दिनों के भीतर बंद जलापूर्ति योजनाओं को चालू करने का निर्देश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कृष्णेंदु पाल

 | 
कामरूप में सात दिनों के भीतर बंद जलापूर्ति योजनाओं को चालू करने का निर्देश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कृष्णेंदु पाल


गुवाहाटी, 04 नवंबर (हि.स.)। असम के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कृष्णेंदु पाल ने कामरूप जिले में बंद पड़ी सभी पेयजल आपूर्ति योजनाओं को अगले सात दिनों के भीतर चालू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री ने बुधवार को कामरूप जिले के ददरा स्थित भृगु कुमार फूकन सभागार में जल जीवन मिशन (जेजेएम 2.0) और स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण (एसबीएम-जी 2.0) की प्रगति एवं कार्यान्वयन की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश दिए।

बैठक में गुवाहाटी डिवीजन-1 और रंगिया डिवीजन के अंतर्गत आने वाली पेयजल आपूर्ति योजनाओं की स्थिति, प्रत्येक परिवार तक गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाने, बंद पड़ी योजनाओं को पुनः चालू करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

पाल ने कहा कि कामरूप जिले के प्रत्येक परिवार को नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना और ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्थानीय विधायकों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और आम लोगों को साथ लेकर योजनाओं का काम तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में गुवाहाटी की सांसद बिजुली कलिता मेधी तथा विधायक राजू मेस, प्रकाश चंद्र दास और हिमांशु शेखर बैश्य उपस्थित रहे।

इसके अलावा कामरूप जिला परिषद के अध्यक्ष निपन भुइयां, जिला आयुक्त देव कुमार मिश्र, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ गोस्वामी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता (जल) भास्कर ज्योति शर्मा और मुख्य अभियंता (स्वच्छता) रम्य ज्योति शर्मा सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और पंचायत सचिव भी बैठक में शामिल हुए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश