home page

रास महोत्सव के रंग में रंगा असम: माजुली से लेकर नलबाड़ी और जगीरोड तक तैयारियां जोरों पर

 | 

गुवाहाटी, 20 नवंबर (हि.स.)। शारदीय रास महोत्सव को लेकर पूरे असम में उत्साह और भक्ति का माहौल है। ऊपरी असम के सत्रभूमि माजुली से लेकर निचले असम के नलबाड़ी, रंगिया, बजाली, जगीरोड और लखीमपुर के नारायणपुर तक रास महोत्सव के आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

सत्रभूमि माजुली में सोमवार से शारदीय रासोत्सव शुरू होने जा रहा है, जिसके बाद पूरा द्वीप मथुरा, गोकुल और वृंदावन के रूप में नजर आएगा। जिला प्रशासन द्वारा माजुली के नैसर्गिक तुनी तट पर 'महारास' का आयोजन किया गया है, जिसके लिए सुबह से लेकर तड़के तक पूर्वाभ्यास चल रहा है। वहीं, रास में केवल तीन दिन शेष रहने के कारण सत्रों (मठ) और मंचों के साथ-साथ पोशाक भंडारों में भी दिन-रात काम चल रहा है। फुलनी चारिआली स्थित महादेव पोशाक भंडार में कृष्ण, राधा और गोपियों की पारंपरिक पोशाकें व मुकुट तैयार करने की होड़ मची है।

ऊपरी असम के साथ-साथ निचले असम के रंगिया स्थित तरणी में भी 24 नवंबर से 11 दिवसीय रास महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। तरणी हरिमंदिर में मिट्टी की मूर्तियों और सजावट का काम तेजी से चल रहा है। इस बार नाम-प्रसंग और ओजापाली के अलावा सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड गायिका रूपाली जग्गा और अमेरिका की प्रसिद्ध डीजे मोनिका स्टार्लिंग अपनी प्रस्तुति देंगी। समिति को यहां लाखों दर्शकों के जुटने की उम्मीद है।

बजाली जिले के पाटाचारकुची में 33वें रास महोत्सव को 15 दिवसीय रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाने की व्यापक तैयारी चल रही है। इस बार के आयोजन का विशेष आकर्षण असम के लोकप्रिय कलाकार जुबीन गर्ग की जीवंत झांकी (प्रतिमा) होगी। इसके साथ ही दर्शकों को वृंदावन की झलक और कई तकनीकी चमत्कार देखने को मिलेंगे।

जगीरोड के दहाली मकरिया पंच खेलिया रास उत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में मकरिया खेल मैदान में 24 नवंबर से पांच दिवसीय 59वां श्रीश्री कृष्ण रास महोत्सव आयोजित होगा। रास पूर्णिमा के पहले दिन नगांव के पुरनिगोदाम की सिंदूरा सांस्कृतिक गोष्ठी 'महारास' का मंचन करेगी। दूसरे दिन से लगातार तीन रातों तक आमंत्रित पृथ्वीराज थिएटर द्वारा नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। अंतिम दिन आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन स्थानीय विधायक एवं राज्य के मंत्री पीयूष हजारिका करेंगे।

लखीमपुर जिले के नारायणपुर में भी रासलीला को लेकर खासा उत्साह है। अग्रणी स्वयंसेवी संगठन ज्योति संगम समिति द्वारा ज्योति युवा शाखा और कृष्टि शाखा के सहयोग से 24 और 25 नवंबर को दो दिवसीय पूर्णांक रासलीला का आयोजन किया जा रहा है। इसकी खास बात यह है कि पहले दिन 24 नवंबर को केवल बच्चों द्वारा और दूसरे दिन 25 नवंबर को केवल महिलाओं द्वारा रासलीला का मंचन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर