home page

हैदराबाद कार्यक्रम में विदेशी नेता की टिप्पणियों पर भाजपा का विरोध, राहुल गांधी पर लगाए गंभीर आरोप

 | 
हैदराबाद कार्यक्रम में विदेशी नेता की टिप्पणियों पर भाजपा का विरोध, राहुल गांधी पर लगाए गंभीर आरोप


गुवाहाटी, 15 नवंबर (हि.स.)। तेलंगाना के हैदराबाद में कांग्रेस के भारत समिट कार्यक्रम में इटली के नेता जियाकोमो फिलिबे के भारतीय चुनाव प्रणाली के संदर्भ में की गई टिप्पणियों और नारेबाजी का असम प्रदेश भाजपा ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने राहुल गांधी को इस मुद्दे पर घेरते हुए इसे अराजतकता फैलाने की कोशिश करार दिया।

भाजपा प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने एक बयान में आरोप लगाते हुए कहा कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने भारत की आंतरिक राजनीति में हस्तक्षेप करने के लिए देश-विरोधी विदेशी नेताओं को मंच प्रदान किया है। राजनीतिक जीवन में सैंकड़ों चुनावों में हार झेल चुके कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत के लोगों का समर्थन प्राप्त नहीं कर पाए और अत्यंत निराश हो गए हैं। राहुल गांधी की कांग्रेस पार्टी विदेशी ताकतों के हाथ की कठपुतली बन गई है। राहुल अब भारत-विरोधी विदेशी शक्तियों के साथ हाथ मिलाते दिख रहे हैं।

भाजपा के प्रवक्ता ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि भारत-विरोधी जॉर्ज सोरोस के समर्थन से कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में कई आरोप लगते रहे हैं। कलिता ने कहा कि कार्यक्रम में ऐसे लोग शामिल रहे, जिनके संबंध जार्ज सोरोस नेटवर्क से हैं और जिनका भारत-विरोधी बयान देने का पुराना रिकार्ड रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हैदराबाद के कार्यक्रम में विदेशी प्रतिनिधियों और इससे जुड़े लोगों की मौजूदगी में राहुल गांधी ने भारतीय लोकतंत्र का अपमान किया है। जियाकोमो फिलिबेक के भारत के स्वस्थ लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय