असम पुलिस में 15-20 हजार और युवाओं की होगी भर्ती: मुख्यमंत्री
गुवाहाटी (असम), 02 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को घोषणा की कि राज्य पुलिस में 15 से 20 हजार और युवाओं की भर्ती की जाएगी। उन्होंने यह घोषणा देरगांव स्थित लाचित बरफूकन पुलिस अकादमी में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान की।
मुख्यमंत्री ने लाचित बरफूकन पुलिस अकादमी में असम पुलिस के 32 उप पुलिस अधीक्षकों और संचार शाखा के 371 कांस्टेबलों के दीक्षांत समारोह तथा ‘पासिंग आउट परेड’ में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन नवनियुक्त पुलिस अधिकारियों और जवानों का अनुशासन, साहस और कर्तव्यनिष्ठा राज्य के लोगों की सुरक्षा एवं सेवा में नई ताकत जोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण करने के साथ ही प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कांस्टेबलों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन पुलिसकर्मियों की कड़ी मेहनत और समर्पण अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
समारोह के दौरान पुलिस जवानों ने मुख्यमंत्री के समक्ष आकर्षक ड्रिल, कलाबाजी और विभिन्न कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों और जवानों को जनसेवा, कर्तव्य और ईमानदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए असम पुलिस की गरिमा और प्रतिष्ठा को और ऊंचाई तक ले जाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

