असम में पशु तस्करी के खिलाफ दो अभियान, 28 मवेशी बरामद, तीन गिरफ्तार
गुवाहाटी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। असम में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग अभियान चलाकर 28 मवेशियों को बरामद किया और तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया।
गुरुवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई में मुकालमुआ में दौलाशाल पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान मवेशियों से भरे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस ने ट्रक से 17 मवेशियों को बरामद किया और कथित तस्कर बबिदुल अली को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में बिलासीपारा के चांदेरडिंगा क्षेत्र के चकचक में शालकोचा पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कथित रूप से अवैध तरीके से ले जाए जा रहे 11 मवेशियों को बरामद किया। साथ ही, दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
दोनों अभियानों में कुल 28 मवेशियों को बरामद करने के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इन कार्रवाइयों को राज्य में अवैध पशु परिवहन पर अंकुश लगाने के प्रयासों के तहत देखा जा रहा है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

