धेमाजी विस्फोट 2004ः असम पुलिस ने मनाया शोक दिवस
गुवाहाटी, 16 अगस्त (हि.स.)। धेमाजी में 15 अगस्त, 2004 को मनाए गए स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में आतंकवादियों द्वारा किये गये बम विस्फोट में जान गंवाने वाले निर्दोष बच्चों और अन्य लोगों की याद में आज असम पुलिस मुख्यालय में 'शोक दिवस' मनाया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न वर्गों के कर्मचारी तथा पुलिसकर्मी इसमें शामिल हुए।
इस शोक दिवस में समाज में शांति, सामाजिक-व्यवस्था और सभी वर्गों के लोगों के बीच आपसी समझ बढ़ाने के लिए काम करने के साथ-साथ मानव जीवन और मूल्य की रक्षा के लिए काम करने तथा बुरी ताकतों के खिलाफ लड़ने की शपथ ली गई। शपथ पाठ पुलिस उप-महानिरीक्षक (प्रशासन) प्रणव ज्योति गोस्वामी ने दिलाया।
ज्ञात हो कि अदालती दस्तावेजों में मृतकों की कुल संख्या 13 बतायी गयी है, जिसमें 10 स्कूली बच्चें एवं 3 महिलाएं शामिल बतायी गयी हैं। वहीं 40 से अधिक लोगों के घायल हो गये थे। इस घटना की याद में असम पुलिस प्रत्येक वर्ष 16 अगस्त को शोक दिवस का पालन करती है। शोक दिवस का आयोजन असम पुलिस मुख्यालय के साथ ही जिला पुलिस मुख्यालयों में किये जाने की जानकारी मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

