असम में अवैध घुसपैठ के खिलाफ कार्रवाई, दो अभियानों में 24 लोग हिरासत में
गुवाहाटी, 20 अक्टूबर (हि.स.)। असम में अवैध घुसपैठ के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में राज्य में चलाए गए दो अलग-अलग अभियानों के दौरान 24 लोगों को हिरासत में लिया गया है। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को तड़के सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, असम पुलिस ने दोनों अभियानों में इन लोगों को पकड़ा और उनके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य में अवैध घुसपैठ पर अंकुश लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि असम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने पुलिस की सक्रियता और लगातार जारी अभियानों को राज्य की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता से जोड़ते हुए जानकारी साझा की।
हालांकि, मुख्यमंत्री की सोशल मीडिया पोस्ट में दोनों अभियानों के स्थानों, हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान और उनकी राष्ट्रीयता के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
राज्य सरकार अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाए हुए है। असम पुलिस की इन कार्रवाइयों को राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अवैध घुसपैठ पर रोक लगाने के प्रयासों के तहत देखा जा रहा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

