home page

असम पुलिस ने की बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए एक दिन का वेतन दान करने की अपील

 | 
असम पुलिस ने की बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए एक दिन का वेतन दान करने की अपील


गुवाहाटी, 31 जुलाई (हि.स.)। असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरदीप सिंह ने राज्य में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों के राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए असम पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से जुलाई 2026 के वेतन में से एक दिन का वेतन दान करने की अपील की है।

यह अपील 28 जुलाई को डीजीपी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के अनुपालन में आज इस संबंध में बयान जारी की गई है। राज्य में अभूतपूर्व बाढ़ की स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

असम पुलिस के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुरोध कर उनके जुलाई माह के वेतन से एक दिन का वेतन काटकर असम पुलिस सेंट्रल डिस्ट्रेस फंड में जमा कराएं।

डीजीपी ने कहा कि बाढ़ से बड़ी संख्या में लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं और इस कठिन समय में जरूरतमंदों की सहायता करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही, सभी डीडीओ को राशि जमा होने के बाद उसका विवरण सहित अनुपालन रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश