असमः पोबितोरा में पर्यटन वर्ष 2025-26 में आए 35,371 पर्यटक
गुवाहाटी, 27 सितंबर (हि.स.)। 'विश्व पर्यटन दिवस (27 सितंबर)' के मौके पर असम के मंत्री जयंत मल्लाबरुवा ने बताया कि असम के पोबितोरा वाइल्डलाइफ सेंचुअरी में पर्यटन वर्ष 2025-26 के दौरान 35,371 पर्यटक आए।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में मल्लाबरुवा ने कहा कि यह अभयारण्य प्रकृति-पर्यटन के लिए एक अहम स्थान के तौर पर उभर रही है। साथ ही, उन्होंने पर्यटन को संरक्षण और जंगल के आस-पास रहने वाले समुदायों के लिए आजीविका के मौकों से जोड़ने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।
उन्होंने कहा कि पोबितोरा तेज़ी से प्रकृति-पर्यटन के लिए एक अहम स्थान के तौर पर उभर रही है, 2025-26 में यहां 35,371 पर्यटक आए। मंत्री ने कहा कि सरकार जंगल के आस-पास रहने वाले समुदायों को संरक्षण कार्यों में शामिल करने और गाइडिंग व इंटरप्रिटेशन (जानकारी देने) के क्षेत्र में मौके पैदा करने पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे टूरिज्म अनुभव विकसित किए जा रहे हैं जिनसे पर्यटक सिर्फ़ जंगली जानवरों को देखने के अलावा यहां के लैंडस्केप और इकोलॉजी को भी समझ सकें। मल्लाबरुवा ने कहा, हमारा मकसद साफ़ है - पर्यटन से संरक्षण को मज़बूती मिलनी चाहिए और संरक्षण से हमारे लोगों के लिए मौके पैदा होने चाहिए।
असम के मोरीगांव ज़िले में स्थित पोबितोरा, एक सींग वाले गैंडों की आबादी के लिए जानी जाती है और यह राज्य के प्रमुख वाइल्डलाइफ टूरिज्म डेस्टिनेशन में से एक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

