home page

असम में 25 हजार से अधिक बूथों पर गूंजी ‘मन की बात’, पीएम माेदी ने अहोम इतिहास को भी किया याद

 | 
असम में 25 हजार से अधिक बूथों पर गूंजी ‘मन की बात’, पीएम माेदी ने अहोम इतिहास को भी किया याद


गुवाहाटी, 30 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड का रविवार को देशभर में प्रसारण हुआ। कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण, नशामुक्त भारत, तकनीक, इतिहास, स्वच्छता, नवाचार, कृषि और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर असम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं लाेकसभा सांसद दिलीप सैकिया ने न्यू गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र के बाहिनी मंडल के बूथ संख्या 169 पर तथा मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कार्यक्रम में अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारतीय महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने मिशन शक्तिसैट पहल का उल्लेख करते हुए बताया कि 108 देशों की करीब 12,000 महिलाएं अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े अध्ययन, शोध और आउटरीच गतिविधियों में भाग ले रही हैं।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया और कहा कि इसके 46 प्रतिशत से अधिक लाभार्थी महिलाएं हैं, जो चाय की दुकानों, स्थानीय कारोबार और अन्य छोटे उद्यमों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

उन्होंने नगालैंड के फेक जिले की वैशाली पुरो का उदाहरण भी दिया, जिन्होंने फूलों की खेती के जरिए आत्मनिर्भरता हासिल की है। प्रधानमंत्री ने भारत के समृद्ध इतिहास को सामने लाने वाली पहल और असम के अहोम साम्राज्य के करीब 600 वर्षों के इतिहास का भी उल्लेख किया।

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने भी दिसपुर विधानसभा क्षेत्र के राजधानी मंडल के बूथ संख्या 187 पर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में 500 से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी।

असम भाजपा के प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने बताया कि राज्य के 39 संगठनात्मक जिलों के 433 मंडलों के 25,000 से अधिक बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम सुना, जिसमें लाखों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश