मोदी का 76वां जन्मदिवस: ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर जन-जन ने दी जन्मदिवस की शुभकामनाएं
गुवाहाटी, 17 सितंबर (हि.स.)। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 76वां जन्मदिवस आज पूरे राष्ट्र में अत्यंत उत्साह, उल्लास और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बाल्यकाल से ही मातृभूमि की सेवा के प्रति स्वयं को समर्पित करने वाले नरेन्द्र दामोदरदास मोदी के त्याग, प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति उनके समर्पित भाव को आज देशवासियों ने एक बार पुनः श्रद्धापूर्वक नमन किया।
गुजरात के मुख्यमंत्री का दायित्व संभालने से लेकर भारत के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा के पिछले पच्चीस वर्ष सार्वजनिक दायित्व, राष्ट्रसेवा और समर्पण की एक दीर्घ परंपरा के साक्षी रहे हैं। इस वर्ष देशवासी इस महत्वपूर्ण पड़ाव को विशेष रूप से स्मरण और चिन्हित करने की तैयारी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के साथ-साथ 7 अक्टूबर को शासन-प्रशासन में उनके 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को केंद्र में रखते हुए, आज से 17 अक्टूबर तक एक माहव्यापी विविध और व्यापक कार्यक्रमों की श्रृंखला “सेवा और संकल्प अभियान” के अंतर्गत आयोजित की जा रही है।
असम प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पार्टी प्रवक्ता कमल कुमार मेधी ने बताया कि देश के अन्य भागों की भांति असम में भी आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर “आशीर्वाद का दीया”, आशीष और मंगलकामना की ज्योति, प्रज्वलित की गई।
राज्य के अनेक नामघरों, मंदिरों, सार्वजनिक संस्थानों, विकासपरक पहलों के प्रतीक स्थलों तथा घर-घर में लोगों ने स्वस्फूर्त भाव से दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। इस मंगल-ज्योति के माध्यम से नागरिकों ने उनके कर्मयोग, सार्वजनिक जीवन में ऊर्जा और सेवा-समर्पण के प्रति अपनी कृतज्ञता अभिव्यक्त की।
मुख्यमंत्री से लेकर मंत्रियों, विधायकों तथा पंचायतों, नगर पालिकाओं और नगर निगमों के विभिन्न स्तरों पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय जनता के साथ मिलकर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा पिछले बारह वर्षों में असम में किए गए विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित कर उन विकास पहलों के प्रति आभार प्रकट किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गुवाहाटी स्थित 350 वर्ष पुराने ऐतिहासिक श्रीश्री टोंगरा सत्र में मंगलदीप प्रज्वलित किया और परमात्मा के श्रीचरणों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ जीवन तथा निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इसी पावन अवसर के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी को जोड़ने वाले नव-निर्मित कुमार भास्कर वर्मा सेतु पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करने के मंगल कार्यक्रम में भाग लिया।
भारतीय जनता पार्टी, असम प्रदेश के अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने मंगलदोई के खारुपेटिया दुर्गा मंदिर में आयोजित दीप-प्रज्वलन के पावन कार्यक्रम में सहभागिता की। भारतीय जनता पार्टी, असम प्रदेश उन सभी प्रदेशवासियों के प्रति हार्दिक धन्यवाद और गहन कृतज्ञता व्यक्त करती है, जिन्होंने देशभर के नागरिकों के साथ भावपूर्ण एकात्मता प्रकट करते हुए स्वस्फूर्त रूप से ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया, प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की मंगलकामनाएं अर्पित कीं तथा उनके सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा की निरंतर यात्रा के लिए अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

