असम: पिस्तौल के साथ युवक गिरफ़्तार
शिवसागर (असम), 07 अगस्त (हि.स.)। उपरी असम के शिवसागर ज़िलांतर्गत हलवाटिंग में पुलिस की कार्रवाई के दौरान आज एक युवक को .32 कैलिबर की पिस्तौल के साथ गिरफ़्तार किया गया।
आरोपित की पहचान बरुवापुखुरी निवासी बिनोद गोगोई के रूप में हुई है। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने लादोईगढ़ मिसिंग गांव में तलाशी अभियान चलाया, जहां उसके पास से हथियार बरामद हुआ। शुरुआती पूछताछ में आरोपित ने दावा किया कि वह असम में बेचने के इरादे से नगालैंड से पिस्तौल लाया था।
पुलिस ने हथियार ज़ब्त कर लिया है और आगे की पूछताछ के लिए आरोपित को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है और हथियार के स्रोत का पता लगाने के साथ-साथ यह भी जांच की जा रही है कि क्या इसमें हथियारों की तस्करी का कोई बड़ा नेटवर्क शामिल है।
अधिकारी अवैध हथियार के संभावित कनेक्शन और इसे खरीदने वाले संभावित खरीदारों की भी जांच कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

