जाजीकोना बीज फार्म पहुंचे कृषि मंत्री पीयूष हजारिका,किसानों से संवाद कर कृषि विकास पर की चर्चा
कामरूप (असम), 11 जुलाई (हि.स.)। असम के कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने शनिवार को कमलपुर स्थित असम सीड कॉर्पोरेशन लिमिटेड के जाजीकोना बीज फार्म का दौरा कर किसानों से बातचीत की और खेती-बाड़ी से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गुणवत्तापूर्ण बीजों के उत्पादन, आधुनिक कृषि पद्धतियों के विस्तार तथा राज्य के कृषि क्षेत्र को और सशक्त बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
मंत्री ने किसानों से खेती में आने वाली चुनौतियों, उत्पादन बढ़ाने के उपायों और कृषि विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि किसानों के अनुभव और सुझाव कृषि क्षेत्र की नीतियों को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों के उपयोग और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर भी बल दिया।
दौरे के दौरान पीयूष हजारिका ने कहा कि किसानों के बीच समय बिताना उनके लिए हमेशा प्रेरणादायक अनुभव होता है। उन्होंने राज्य की कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने में किसानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि असम के कृषि विकास में किसानों की मेहनत और भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
मंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी कृषि सत्र किसानों के लिए सफल रहेगा और उनकी कड़ी मेहनत का प्रतिफल भरपूर एवं अच्छी गुणवत्ता वाली फसल के रूप में मिलेगा। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार बेहतर कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने, उच्च गुणवत्ता वाले बीजों के उत्पादन और किसानों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य कृषि क्षेत्र को अधिक उत्पादक, टिकाऊ और लाभकारी बनाना है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो और राज्य का कृषि विकास नई गति प्राप्त कर सके।
इस अवसर पर कमलपुर के स्थानीय विधायक दिगंत कलिता भी मौजूद रहे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर क्षेत्र में कृषि विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

