home page

पिकनिक को लेकर परिवहन विभाग ने उठाए कड़े कदम

 | 

बंगाईगांव (असम), 28 नवंबर (हि.स.)। नव वर्ष पर प्रतिवर्ष पिकनिक को लेकर पूरे राज्य में भारी उत्साह देखा जाता है। इस दौरान सड़क हादसों में काफी इजाफा देखा जाता रहा है। हालांकि, इस बार पिकनिक को लेकर परिवहन विभाग ने कड़ी व्यवस्था की है। इस बार पिकनिक पर जाने से पहले दो बार सोचना पड़ेगा। क्योंकि परिवहन विभाग ने पिकनिक को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं।

परिवहन मंत्री चरण बोड़ो ने पिकनिक को लेकर उठाए गये कदमों की घोषणा की है। इसको लेकर आम लोगों की परिवहन मंत्री के पक्ष में प्रतिक्रिया देखने को मिली है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर गड्ढे ठीक करने के लिए मंत्री से लोगों ने अपील की है।

इस बार बिना अनुमति किसी को भी पिकनिक पर जाने की इजाजत नहीं होगी। पहले परिवहन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद ही पिकनिक की यात्रा शुरू की जा सकेगी। सुबह 7 बजे से पहले पिकनिक की यात्रा पूरी तरह से प्रतिबंधित घोषित की गई है, यह जानकारी परिवहन मंत्री चरण बोड़ो ने दी है।

रात के समय पिकनिक पर जाना मना है। मंत्री का कहना है कि पिकनिक के लिए दूर के स्थानों पर नहीं, इस बार पास के पिकनिक स्पॉट पर ही जाना होगा। यदि कार का फिटनेस, बीमा, पीयूसी नहीं है तो अनुमति नहीं मिलेगी। वाहन में पांच लोगों से अधिक होने पर अनुमति लेना अनिवार्य है।

बीते दिनों काजीरंगा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत होने के बाद राज्य सरकार ने यह सख्त फैसला लिया है। इसलिए पिकनिक प्लान करने से पहले पोर्टल पर आवेदन करना होगा, अनुमति लेनी होगी, उसके बाद ही यात्रा किया जा सकता है। यह घोषणा परिवहन मंत्री चरण बोड़ो ने की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय