home page

बोकाखात में एनएच-37 पर एलपीजी वाहन से आमने-सामने की टक्कर के बाद ऑयल टैंकर में आग लगी

 | 
बोकाखात में एनएच-37 पर एलपीजी वाहन से आमने-सामने की टक्कर के बाद ऑयल टैंकर में आग लगी


गोलाघाट (असम), 13 अगस्त (हि.स.)। गोलाघाट जिलांतर्गत बोकाखात में राजाबारी के पास नेशनल हाईवे-37 पर एलपीजी सिलेंडर ले जा रहे एक वाहन से बीती देर रात आमने-सामने की टक्कर के बाद, पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक ऑयल टैंकर पूरी तरह जलकर राख हो गया।

बताया जा रहा है कि यह हादसा तब हुआ जब नुमलीगढ़ रिफाइनरी से आ रहा टैंकर हाईवे पर एलपीजी वाहन से टकरा गया।

टक्कर के बाद ऑयल टैंकर में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। टक्कर में एलपीजी ले जा रहे वाहन को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन व आपातकालीन सेवा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।

इस घटना के कारण एनएच-37 पर यातायात बुरी तरह बाधित हुआ और ऊपरी व निचले असम के बीच चलने वाले वाहन काफी देर तक फंसे रहे।

अभी तक किसी के हताहत होने की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। टक्कर का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय