home page

मई में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने 1034 माल रेक किए अनलोड

 | 
मई में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने 1034 माल रेक किए अनलोड


गुवाहाटी, 07 जून (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने मई 2026 में माल परिवहन के क्षेत्र में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और अनलोडिंग गतिविधियों में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। इस महीने के दौरान, पूरे ज़ोन में मालगाड़ियों के 1034 रेक अनलोड किए गए, जो वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ज़ोन की एक मज़बूत शुरुआत को दर्शाता है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने रविवार काे बताया कि पूरे महीने, पूसीरे ने खाद्यान्न, खाद्य वस्तुएं, उर्वरक, चीनी, एसएनटीपी-कोयला, नमक, टैंक और अन्य सामग्रियों जैसे ज़रूरी और औद्योगिक सामग्रियों कानिर्बाध परिवहन सुनिश्चित किया। इन सामग्रियों को अपने क्षेत्राधिकार के विभिन्न गुड्स शेडों पर कुशलतापूर्वक हैंडल किया गया, जिससे समय पर आपूर्ति और परिचालन विश्वसनीयता बनी रही।

माल परिवहन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा पूर्वोत्तर राज्यों की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए था। असम में सबसे अधिक 557 रेक अनलोड किए गए, जिनमें 271 रेक अति आवश्यक सामग्रियों और 286 रेक आवश्यक सामान के थे। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली, औद्योगिक गतिविधियों और रोज़मर्रा की उपभोक्ता ज़रूरतों को पूरा करने में रेलवे की अहम भूमिका उजागर हुई है। इसी दौरान, त्रिपुरा में 74 रेक, नागालैंड में 34 रेक, मणिपुर में 20 रेक, अरुणाचल प्रदेश में 10 रेक, मिज़ोरम में 8 रेक और मेघालय में एक रेक अनलोड किए गए।

इसके अलावा, पश्चिम बंगाल में 196 रेक और बिहार में 134 रेक अनलोड किए गए। इनमें अति आवश्यक और आवश्यक दोनों प्रकार की सामग्रियां शामिल थे, जिससे पूरे इलाके में आपूर्ति श्रृंखला, व्यापार कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियां और अधिक मज़बूत हुईं है।

पूरे क्षेत्र में लोगों की जरूरतों को पूरा करने और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सामग्रियों और औद्योगिक उत्पादों का आवागमन काफी ज़रूरी है। फील्ड यूनिट्स की कड़ी निगरानी और आपसी सहयोग से, पूसीरे ने टर्नअराउंड समय और अनलोडिंग की क्षमता में सुधार किया है। इससे भरोसेमंद फ्रेट संचालन और पूर्वोत्तर के सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रति इसकी प्रतिबद्धता और अधिक मज़बूत हुई है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय